एशियन हॉकी चैंपियंस का पहला मुकाबला 27 अक्टूबर को दोपहर 1 बजे ओलंपियन सुरजीत हॉकी स्टेडियम में खेला जाएगा। वहीं, भव्य उद्घाटन समारोह शाम 5 बजे शुरू होगा, जिसका उद्घाटन पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान करेंगे।
पंजाब के जालंधर में एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी-2026 के आगाज से पहले ट्रॉफी का भव्य स्वागत किया गया। हॉकी की छांव में आयोजित स्वागत समारोह के दौरान डिप्टी कमिश्नर वरजीत वालिया, पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह, हॉकी पंजाब के अध्यक्ष नितिन कोहली सहित कई अधिकारी और गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। अंतरराष्ट्रीय हॉकी टूर्नामेंट को लेकर शहर में खेल उत्सव जैसा माहौल बन गया है।
विज्ञापन
कल से शुरू होंगे मुकाबले, मुख्यमंत्री भगवंत मान करेंगे उद्घाटन
डिप्टी कमिश्नर वरजीत वालिया ने बताया कि एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी जालंधर पहुंच चुकी है। टूर्नामेंट का पहला मुकाबला 27 अक्टूबर को दोपहर 1 बजे ओलंपियन सुरजीत हॉकी स्टेडियम में खेला जाएगा। वहीं, भव्य उद्घाटन समारोह शाम 5 बजे शुरू होगा, जिसका उद्घाटन पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान करेंगे। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में रिकॉर्ड चार महीनों में स्टेडियम को विश्वस्तरीय सुविधाओं से लैस किया गया है। अधिकारियों ने खेल प्रेमियों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में स्टेडियम पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाएं।
विज्ञापन
पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह ने बताया कि टूर्नामेंट के सभी मैचों के लिए दर्शकों को निशुल्क प्रवेश दिया जाएगा। इसके लिए दर्शकों को डिजिटल पास बनवाना होगा, जिस पर मौजूद क्यूआर कोड स्कैन करके स्टेडियम में प्रवेश मिल सकेगा। उन्होंने कहा कि दर्शकों की सुविधा के लिए पार्किंग और यातायात के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। पार्किंग स्थल से स्टेडियम तक पहुंचने के लिए दर्शकों को लगभग 100 मीटर की दूरी पैदल तय करनी पड़ सकती है। अधिकारियों ने दर्शकों से अपील की कि वे समय से पहले पहुंचें और सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करें।
अधिकारियों ने कहा कि पंजाब में इतने बड़े स्तर पर अंतरराष्ट्रीय हॉकी टूर्नामेंट का आयोजन खेलों के लिए महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान का आभार जताते हुए कहा कि जालंधर और मोहाली में मुकाबले आयोजित होने से पंजाब की खेल विरासत को नई पहचान मिलेगी। वहीं टूर्नामेंट से पहले जालंधर में महान ओलंपियन सुरजीत सिंह की प्रतिमा का अनावरण किया गया। हॉकी पंजाब के अध्यक्ष नितिन कोहली, डीसी वरजीत वालिया, पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह और ओलंपियनों ने प्रतिमा को युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बताया।