हीरो एशियन चैंपियंस ट्रॉफी पंजाब 2026
- फोटो : संवाद
हीरो एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी 2026 में भारतीय पुरुष हॉकी टीम का विजय अभियान लगातार जारी है। जालंधर के ओलंपियन सुरजीत सिंह हॉकी स्टेडियम में शुक्रवार को खेले गए प्रारंभिक दौर के तीसरे मुकाबले में भारत ने जापान को 4-1 से करारी शिकस्त देकर जीत की हैट्रिक पूरी कर ली। मुकाबले में भारतीय टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए आखिरी क्वार्टर में तीन गोल दागकर जापान की उम्मीदों पर पानी फेर दिया। इस जीत के साथ भारत ने टूर्नामेंट की अंक तालिका में अपना शीर्ष स्थान और मजबूत कर लिया, जबकि जापान को प्रतियोगिता में पहली हार का सामना करना पड़ा। मुकाबले की शुरुआत में दोनों टीमों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला।
पहले क्वार्टर में जापान ने आक्रामक शुरुआत करते हुए भारतीय टीम पर दबाव बनाया, लेकिन भारत ने शानदार तालमेल का परिचय देते हुए 12वें मिनट में पहला गोल दाग दिया। सुखजीत सिंह के बेहतरीन मूव पर अभिषेक नैन ने गेंद को जापानी गोलपोस्ट में पहुंचाकर भारत को 1-0 की बढ़त दिलाई। अभिषेक के लिए यह मुकाबला इसलिए भी यादगार रहा क्योंकि वह अपना 150वां अंतरराष्ट्रीय मैच खेल रहे थे। हालांकि पहले क्वार्टर के अंतिम क्षणों में जापान को पेनल्टी स्ट्रोक मिला, जिस पर शोटा कागावा ने गोल करके स्कोर 1-1 कर दिया। दूसरे और तीसरे क्वार्टर में दोनों टीमों ने बढ़त हासिल करने के लिए पूरा जोर लगाया, लेकिन भारतीय गोलकीपर कृष्ण पाठक और रक्षापंक्ति ने जापान के कई हमलों को नाकाम कर दिया।
तीसरे क्वार्टर के समाप्त होने तक मुकाबला 1-1 की बराबरी पर था और दर्शकों की निगाहें निर्णायक आखिरी क्वार्टर पर टिक गई थीं। चौथे क्वार्टर में भारतीय खिलाड़ियों ने मैच का पूरा रुख बदल दिया। क्वार्टर के तीसरे मिनट में भारत को पहला पेनल्टी कॉर्नर मिला, जिसे कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने अपने शानदार ड्रैग फ्लिक से गोल में बदलकर भारत को 2-1 की बढ़त दिला दी। इसके तीन मिनट बाद ही संजय के शानदार पास पर अभिषेक नैन ने अपना दूसरा व्यक्तिगत गोल दागते हुए भारत की बढ़त 3-1 कर दी। मैच के 45वें मिनट के बाद भारतीय टीम का आक्रमण और तेज हो गया तथा 11वें मिनट में युवा खिलाड़ी विष्णुकांत सिंह ने बेहतरीन फील्ड गोल करके भारत की जीत 4-1 से सुनिश्चित कर दी।
विष्णुकांत का यह पहला अंतरराष्ट्रीय गोल भी रहा। इस प्रकार भारत ने अंतिम 15 मिनट में तीन गोल करके जापान को पूरी तरह बैकफुट पर धकेल दिया। उल्लेखनीय है कि भारतीय टीम ने इससे पहले बांग्लादेश को 13-0 और चीन को 5-2 से हराया था। लगातार तीन जीत के साथ भारत ने खिताब की दावेदारी मजबूत कर दी है। जालंधर में अंतरराष्ट्रीय हॉकी की वापसी के बीच भारतीय खिलाड़ियों के इस शानदार प्रदर्शन ने हॉकी प्रेमियों में नया उत्साह भर दिया है।