विधानसभा चुनाव पास होने पर आप प्रमुख अरविंद केजरीवाल एक बार फिर से जालंधर में पार्टी का आधार बढ़ाने आ रहे हैं। आप नेताओं का कहना है कि केजरीवाल 24 अक्तूबर को जालंधर पहुंच पार्टी का ट्रेड मैनिफेस्टो जारी करेंगे।
इस बारे में की गई बैठक के दौरान पार्टी के ट्रेड विंग के प्रधान बलजीत सिंह आहलुवालिया, गुलशन शर्मा, डॉ. संजीव शर्मा ने कहा कि आप प्रमुख अरविंद केजरीवाल का मैनिफेस्टो जारी करने का कार्यक्रम 24 अक्तूबर की शाम 6 बजे से धामी पैलेस में करवाया जा रहा है।
इसके बाद केजरीवाल व्यापारियों के साथ पंजाब के गंभीर मुद्दों पर बात करेंगे। उन्होंने कहा कि पंजाब में व्यापारियों को आ रही समस्याओं से केजरीवाल को पहले भी अवगत करवाया गया है। अरविंद ने व्यापारियों की मुश्किलों को सुनकर उसे हल करने का भरोसा दिया था।
बैठक के दौरान जालंधर जोन के अंतर्गत आते विधानसभा क्षेत्रों के आप की ओर से घोषित प्रत्याशियों के अलावा ट्रेड विंग के प्रधान बलजीत सिंह आहलुवालिया, गुलशन शर्मा, हंसराज राणा, दलजीत सिंह गाबा, दर्शन भगत, डॉ. संजीव शर्मा, नीलकंठ बब्बू और चरणजीत सिंह चन्नी मौजूद थे।