संवाद न्यूज एजेंसी
बरनाला। बस स्टैंड के पास मनी एक्सचेंजर की दुकान पर तेजधार हथियारों से हमला कर मोबाइल लूटने वाले दो मुख्य आरोपियों को बरनाला पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, जबकि बाकी की तलाश जारी है। डीएसपी सिटी सतवीर सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मंदीप सिंह और हरमीत सिंह के रूप में हुई है। दोनों से लूटा गया मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद कर ली गई है। वारदात की रेकी रिंका नामक आरोपी ने पहले की थी।
मंदीप सिंह पर पहले से ही 8 चोरी व डकैती के मामले दर्ज हैं जिनमें ज्यादातर तपा व धनौला थानों में हैं। पूछताछ में खुलासा हुआ कि 26 नवंबर को बरनाला में की गई वारदात के बाद इन्हीं आरोपियों ने धौला में भी एक दुकानदार पर हमला करने की कोशिश की थी।
पुलिस ने बताया कि आरोपी शाम के समय कम स्टाफ वाली दुकानों को निशाना बनाते थे और पहले रेकी कर वारदात करते थे। उन्होंने लोगों से अपील की कि ऐसी वारदातों में घबराएं नहीं, बल्कि तुरंत पुलिस को सूचना दें। आरोपियों को कोर्ट में पेश कर रिमांड लिया जाएगा। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ में कई और वारदातों का खुलासा होगा और बाकी फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।