संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजपुर। एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने तीन किलो 132 ग्राम हेरोइन संग दो तस्कर पकड़े हैं। इनके संबंध पाकिस्तानी तस्करों के साथ हैं और ये वाट्सअप के माध्यम संपर्क कर ड्रोन के जरिये हेरोइन की खेप मंगवाते थे।
एएनटीएफ थाना ने शुक्रवार को उक्त दोनों तस्करों के खिलाफ मामला दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी है। एएनटीएफ अधिकारियों ने बताया कि उनकी टीम लाधुका मोड़ के पास गश्त कर रही थी। मुखबिर ने सूचना दी कि आरोपी अर्शदीप सिंह (20) और सुखचैन सिंह (19) पाकिस्तान से हेरोइन मंगवाकर आगे बेचते हैं। एएनटीएफ की टीम ने इन्हें गोलूका मोड़ के पास काबू कर इनके पास से तीन किलो 132 ग्राम हेरोइन बरामद की है।
एक सवाल के जवाब में डीएसपी ने बताया कि अर्शदीप चार किलो 100 ग्राम हेरोइन के मामले में 23 नवंबर से भगोड़ा था, इस पर एएनटीएफ की नजर थी। इसका भाई अभी पकड़ना बाकी है। इनके पाकिस्तानी तस्करों से गहरे संबंध हैं और ये लोग वाट्सअप के माध्यम संपर्क कर ड्रोन से हेरोइन की खेप मंगवाते थे। एक सवाल के जवाब में डीएसपी ने कहा कि इनका नेटवर्क तोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। जल्द ही अर्शदीप के भाई को भी काबू किया जाएगा। एएनटीएफ ने अर्शदीप और सुखचैन के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।