जालंधर में केडी भंडारी पर आरोप लगाते कांग्रेस पार्षद।
- फोटो : अमर उजाला
कांग्रेसी नेताओं मुख्य संसदीय केडी भंडारी पर अवैध निर्माण कराने का आरोप लगाया है।
कांग्रेसी नेताओं का आरोप है कि भंडारी मंदिर की 33 मरले की जमीन पर अवैध निर्माण करवा रहा है, जिसे रुकवाने के लिए निगम प्रशासन कोई कार्रवाई नहीं कर रहा है। शुक्रवार को प्रेस वार्ता के दौरान जूनियर बावा हैनरी और जिला कांग्रेस कमेटी के प्रधान राजिंद्र बेरी ने कहा कि दोआबा चौक से सटे भगतपुरा में नौहरियां मंदिर की काफी जगह खाली पड़ी है। इसमें से भंडारी ने अपनी पत्नी नीना भंडारी के नाम से 33 मरले जगह किराए पर ले रखी है। इसका करारनामा भी है, लेकिन बड़े हैरानी की बात है कि 33 मरले की जगह को महज 1600 रुपये प्रति महीना के किराए पर दिया गया है।
उन्होंने कहा कि इतने कम रेट पर इतनी बड़ी जगह कैसे किराए पर दी जा सकती है? मंदिर से किराए पर मिली जगह पर किरायदार निर्माण तो दूर निगम से नक्शा तक पास नहीं करवा सकता है। उन्होंने कहा कि भंडारी खुद की पॉवर का गलत इस्तेमाल कर रहा है। इसमें निगम मेयर सुनील ज्योति उनका साथ दे रहे हैं।
उन्होंने कहा कि निगम प्रशासन किराएदार के कहने पर कभी नक्शा पास नहीं कर सकता है और न ही बिजली का मीटर लगवाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि गरीब लोगों के अवैध निर्माण गिराने के लिए निगम की पूरी फौज पहुंच जाती है। वहीं भंडारी की जगह पर अब भी अवैध निर्माण चल रहा है, जिसे कोई भी निगम अधिकारी तोड़ना तो दूर रुकवाने तक नहीं जा रहा है। कांग्रेसियों ने कहा कि वह इस मामले की विजिलेंस में शिकायत करेंगे। कांग्रेसी नेताओं ने कहा कि वीरवार को हुई निगम मीटिंग में खुद अकाली दल के सीनियर डिप्टी मेयर कमलजीत सिंह भाटिया और भाजपा पार्षद रवि महेंद्रू ने मेयर सुनील ज्योति पर भ्रष्टाचार करने के आरोप लगाए थे।
कांग्रेस तो कई सालों से बोल रही है कि मेयर ने ही निगम में भ्रष्टाचार फैला रखा है। उन्होंने मांग की है कि मेयर के खिलाफपर्चा दर्ज होना चाहिए और मेयर के कामों की जांच होनी चाहिए, जिससे कई घोटाले सामने आएंगे। उन्होंने कहा कि निगम में हो रहे घोटालों की विरोध में पुलिस कमिश्नर को शिकायत सौंपेंगे। इसके अलावा विजिलेंस में भी शिकायत करेंगे। इस अवसर पर पार्षद देशराज जस्सल, पार्षद डॉ. प्रदीप राय, गुरविंदरपाल सिंह बंटी नीलकंठ उपस्थित थे।