अबोहर। वार्ड नंबर 12 में रविवार को कांग्रेस का झंडा लगाकर साइकिल पर आए दो लड़कों ने अकाली दल के प्रत्याशी के पोस्टर फाड़ दिए। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। अकाली प्रत्याशी सुरेश सतीजा ने चुनाव अधिकारी से शिकायत की है।
सतीजा ने बताया कि उन्होंने न्यू सूरज नगरी की गलियों में दीवारों पर पोस्टर लगाए हैं। रविवार दोपहर साइकिलों पर कांग्रेस का झंडा लगाकर आए दो लड़कों ने उनका पोस्टर फाड़ दिया। दूसरे कोने पर लगे कांग्रेस के पोस्टर को हाथ तक नहीं लगाया।
यह घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। उन्होंने चुनाव अधिकारी को सीसीटीवी फुटेज भेज कर कांग्रेसी उम्मीदवार से जवाब लेने की मांग की है। इसके अलावा चुनाव आयोग से भी मामले की जांच कराकर कार्रवाई करने की मांग की है।