संवाद न्यूज एजेंसी
जालंधर। आदमपुर एयरफोर्स स्टेशन में तैनात एक कर्मचारी की जहरीला पदार्थ निगलने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान करीब 45 वर्षीय प्रवीन कुमार के रूप में हुई है। उसे गंभीर हालत में निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां दो दिन तक इलाज चलने के बाद उसने दम तोड़ दिया।
प्रवीन कुमार ने अपने क्वार्टर में जहरीला पदार्थ निगला था। जब वह ड्यूटी पर नहीं पहुंचा, तो साथी कर्मचारियों ने उसकी तलाश शुरू की। इसके बाद उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। वह शादीशुदा था और काफी समय से आदमपुर एयरफोर्स स्टेशन में तैनात था। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल जालंधर की मोर्चरी में रखवाया गया है। अस्पताल पहुंचे एयरफोर्स कर्मियों ने मामले को लेकर अधिक जानकारी साझा नहीं की। पुलिस मामले की जांच कर रही है। प्रवीन कुमार ने किन परिस्थितियों में जहरीला पदार्थ निगला, इसका पता नहीं चल पाया है। पुलिस के अनुसार, परिवार के पहुंचने और बयान दर्ज होने के बाद ही अन्य पहलुओं की जानकारी मिल सकेगी। अभी तक मृतक के पास से कोई सुसाइड नोट मिलने की जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा हो सकेगा।