जालंधर के बैंक एन्क्लेव में सड़क के मोड़ पर बाइक खड़ी करने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच ईंट-पत्थर चले, जबकि भीड़ से घिरे कार चालक ने अपनी सुरक्षा के लिए लाइसेंसी पिस्टल से हवाई फायर कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही थाना डिवीजन नंबर-7 की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करते हुए दो युवकों को हिरासत में लिया। जानकारी के मुताबिक, रविवार देर रात को कुछ युवक सड़क के मोड़ पर मोटरसाइकिलें खड़ी कर वहां मौजूद थे। इसी दौरान कार से गुजर रहे व्यक्ति ने रास्ता साफ करने के लिए बाइकें साइड में करने को कहा। कार चालक के अनुसार, मुख्य मोड़ पर वाहन खड़े होने से रिहायशी इलाके में आने-जाने वालों को परेशानी हो रही थी।
इसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई और कुछ ही देर में करीब 15-16 युवक मौके पर इकट्ठा हो गए। आरोप है कि युवकों ने कार को घेर लिया और बोनट पर चढ़कर चालक पर हमला करने का प्रयास किया। इस दौरान ईंट-पत्थर भी चलाए गए।
कार चालक का कहना है कि उसे और उसके परिवार को भीड़ ने घेर लिया। जब उसे जान का खतरा महसूस हुआ, तो उसने आत्मरक्षा में हवाई फायर किया। गोली की आवाज सुनते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने दो युवकों को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है। थाना डिवीजन नंबर-7 की पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। पुलिस का कहना है कि फुटेज और जांच के आधार पर घटना की पूरी स्थिति स्पष्ट होने के बाद संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।