जालंधर। जिले में पटाखों के अवैध भंडारण व बिक्री की शिकायत अब आप भी कर सकते हैं। इसके लिए जिला प्रशासन ने 8556918229 व 0181-2224417 हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। डिप्टी कमिश्नर घनश्याम थोरी ने कहा कि लोग इन नंबरों पर शिकायत दर्ज करवा सकते हैं। इसके लिए तीन सदस्यीय कमेटी बनाई गई है। इस कमेटी में एडीसीपी वत्सला गुप्ता, एसडीएम राहुल सिंधू और निगम के ज्वाइंट कमिश्नर हरचरण सिंह शामिल हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने हाल ही में विदेशी पटाखों पर बैन लगा दिया है। अगर विदेशी पटाखे बेचने का कोई मामला सामने आता है तो उस पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। शहर में 20 अस्थायी लाइसेंस जारी किए गए हैं। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों के लिए कोई भी अस्थायी लाइसेंस इस साल जारी नहीं किए गए हैं।