ममदोट (फिरोजपुर)। गांव चक घोड़े वाला स्थित ढाणी प्यारे खूह वाली में पुलिस के साथ आए दो आरोपियों ने घर में मौजूद दो लोगों को किरच मारकर जख्मी कर दिया। घटना की जानकारी पर ग्रामीण एकत्र हो गए और पुलिस की गाड़ी रोक ली। ग्रामीणों ने एक आरोपी को काबू लिया। मामले की सूचना पर गांव पहुंची थाना ममदोट की पुलिस थाना सदर की पुलिस को वहां से निकाला। ग्रामीणों ने पकड़े गए आरोपी को ममदोट पुलिस के हवाले कर लिया। बताया जा रहा है कि छह माह पूर्व हुसैनीवाला बार्डर से सटे गांव चांदी वाला में किसी व्यक्ति की हत्या हुई थी, पुलिस को शक था कि आरोपी अपने रिश्तेदार के पास गांव चक घोड़े वाला में छिपे हैं। घायलों को ममदोट के सरकारी अस्पताल में दाखिल करवाया।
हंसा सिंह ने बताया कि बुधवार को पुलिस उनके गांव आई और आते ही उसे हथकड़ी लगा दी। हथकड़ी के साथ उसे उसके घर ले गए। घर में उसके दोनों बेटे संदीप सिंह व कुलदीप सिंह मौजूद थे। पुलिस के साथ आए आरोपी गगन और सुच्चा ने किरच से दोनों बेटों पर वारकर दिया। एक बेटे के कंधे और दूसरे के पेट में किरच लगी। दोनों को ममदोट के सरकारी अस्पताल में दाखिल करवाया।
हंसा ने बताया कि आरोी गगन को काबू कर लिया गया और आरोपी सुच्चा भागने में कामयाब हो गया। घटना की जानकारी पाकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने सदर फिरोजपुर पुलिस की गाड़ी रोक ली। गाड़ी में पांच पुलिस मुलाजिम थे। मामले की जानकारी मिलने पर थाना ममदोट के प्रभारी बीरबल गांव पहुंचे। ग्रामीणों ने आरोपी गगन को ममदोट पुलिस के हवाले कर दिया। एसएचओ बीरबल का कहना है कि गलतफहमी के चलते सब कुछ हुआ है। जिस आरोपी ने किरच मारी है, उसे काबू कर लिया गया है। छह माह पूर्व फिरोजपुर के गांव चांदी वाला में किसी व्यक्ति की हत्या हुई थी, मामले में वांछित आरोपी की तलाश में पुलिस आई थी, जो नहीं मिला है।