पठानकोट। सेना में नौकरी का झांसा देकर 6 लाख की ठगी करने के आरोप में थाना शाहपुरकंडी पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोपी की पहचान होशियारपुर के मुकेरियां निवासी राजन के तौर पर हुई है। शिकायतकर्ता कुठेड निवासी बलविंद्र सिंह, राजन कुमार, नितन कुमार निवासी सिउंटी ने पुलिस को बताया कि वह नौकरी की तलाश में थे। अक्तूबर 2018 में होशियारपुर निवासी एक व्यक्ति उन्हें मिला। उसने उन्हें सेना में भर्ती करवाने के एवज में प्रति व्यक्ति 2 लाख रुपये मांगे।
वह उक्त व्यक्ति के झांसे में आ गए। उन तीनों ने एक-एक लाख रुपये एडवांस दे दिए। इसके बाद आरोपी ने उन्हें लिखित टेस्ट के एडमिट कार्ड दिए और दिसंबर 2018 को सहारनपुर में टेस्ट के लिए बुलाया। वहां उसने 50-50 हजार रुपये ले लिए और कहा कि टेस्ट का काम उसने खुद देख लिया है। इसके बाद जुलाई 2019 को पश्चिम बंगाल बुलाया गया। वहां इंटरव्यू की बात कही गई थी जो नहीं हुआ। उसने फर्जी ज्वाइनिंग लेटर देकर उनसे 50-50 हजार रुपये और ले लिए। उसने उन्हें ऑर्डिनेंस फैक्टरी ईसपोर पश्चिम बंगाल में ज्वाइनिंग के लिए भेजा। वहां पहुंचने पर पता चला कि उन्हें जो लेटर मिला है वह जाली है। युवकों ने लौटकर उसे पैसे देने का कहा लेकिन वह टालमटोल करने लगा। युवकों की शिकायत पर शाहपुरकंडी थाने में राजन के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है।