पिछले दिनों कजाकिस्तान निवासी महिला से जिस्मफरोशी का धंधा करवाने वाले दलाल कपिल को पुलिस ने उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार कर लिया है। इस केस में संलिप्त ‘आंटी’ का पति अब भी पुलिस की पकड़ से बाहर है।
पुलिस आरोपी दलाल को रिमांड पर लेने का प्रयास कर रही है। जानकारी के मुताबिक बीते दिनों कजाकिस्तान की एक महिला मल्लिका को बस्ती शेख निवासी आंटी ने जिस्मफरोशी के लिए बुलाया था। जब आंटी ने कम पैसे दिए तो महिला ने विरोध कर दिया। इस विरोध के बाद आंटी ने अपने साथियों के साथ मिलकर महिला का अपहरण कर लिया था।
महिला ने अपने फोन से अपहरण की सूचना पुलिस को दी थी। पुलिस ने कार्रवाई की तो पता चला कि यह मामला अपहरण के साथ देह व्यापार से जुड़ा है। पुलिस ने आंटी और महिला दोनों को गिरफ्तार कर लिया था जबकि आरोपी दलाल पुलिस की पकड़ में नहीं आ सका था।
एसीपी रविंदर पाल सिंह संधू ने बताया कि आरोपी दलाल कपिल को यूपी से गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जा रहा है ताकि और खुलासे हो सकें। उनके मुताबिक आंटी के पति की तलाश जारी है।