जिला पुलिस ने विभिन्न मामलों में दो लोगों को काबू कर उनसे 700 नशीली गोलियां बरामद की हैं।
थाना बरीवाला के एएसआई कुलदीप सिंह ने बताया कि एक युवक को 450 नशीली गोलियाें समेत काबू किया गया है। उन्हें जानकारी मिली थी कि गांव सक्कांवाली के पास एक युवक पर संदेह होने के कारण उसे रोका गया है। वो तुरंत मौके पर पहुंचे और युवक के पास मौजूद प्लास्टिक के लिफाफे की तलाशी ली। तलाशी में उसमे से नशीली गोलियां मिलीं। आरोपी की पहचान अनवर खान वासी सक्कांवाली के रूप में हुई है।
वहीं गांव लक्खेवाली पुलिस ने एक युवक को 250 नशीली गोलियों समेत पकड़ा है। एएसआई छिंदर सिंह ने बताया कि आरोपी की पहचान सुखचैन सिंह वासी तामकोट के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।