कपूरथला में अमृतसर नेशनल हाईवे पर देर रात एक सड़क हादसे में बाइक सवार तीन लोगों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि बाइक की अज्ञात वाहन के साथ भीषण टक्कर हुई, जिसके बाद बाइक सवार तीनों सड़क पर गिर गए। हादसा इतना भयानक था कि तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में दो महिलाएं शामिल है।
घटना की सूचना मिलते ही सुभानपुर थाना पुलिस और रोड सेफ्टी फोर्स की टीम मौके पर पहुंची। सुभानपुर थाने के एएसआई हरजिंदर सिंह तथा रोड सेफ्टी फोर्स के एएसआई गुरप्रीत सिंह ने पुलिस पार्टी के साथ घटनास्थल का जायजा लिया और मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर 108 एंबुलेंस की मदद से पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल कपूरथला के शवगृह में भेज दिया।
एएसआई हरजिंदर सिंह के अनुसार, मृतकों में दो महिलाएं शामिल हैं। मौके से एक वोटर कार्ड भी बरामद हुआ है, जिस पर अमना पत्नी सतनाम, निवासी गांव लोपोके, जिला अमृतसर लिखा हुआ है। पुलिस को आशंका है कि यह कार्ड मृतकों में से किसी एक का हो सकता है, हालांकि अभी तक सभी मृतकों की पहचान की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस ने मौके से मृतकों का बैग और बाइक भी अपने कब्जे में ले ली है। फिलहाल पुलिस परिवार के सदस्यों से संपर्क करने का प्रयास कर रही है, ताकि मृतकों की पहचान सुनिश्चित हो सके और हादसे से जुड़ी पूरी जानकारी सामने आ सके। पुलिस द्वारा अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश की जा रही है। हादसे के कारणों की भी जांच की जा रही है।