मक्खू स्थित राधा स्वामी डेरे के पास बाइक और फॉर्च्यूनर की टक्कर में एक महिला की मौत हो गई। दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। बच्चों को जीरा के सिविल अस्पताल में दाखिल करवाया गया। वहां से गंभीर हालत में फरीदकोट मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है। थाना मक्खू पुलिस ने आरोपी कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक गुरप्रीत सिंह (32) वासी धक्का बस्ती मक्खू सुबह बाइक पर पत्नी अमरजीत कौर (30), बेटी मुस्कान (8), बेटा अरमान (5) व बेटी सीरत (2) के साथ चर्च प्रार्थना के लिए जा रहे थे। जैसे ही राधा स्वामी डेरे के नजदीक पहुंचे, उनकी बाइक को कार ने टक्कर मार दी। बाइक पर सवार सभी लोग सड़क पर गिर गए। हादसे में गंभीर चोटें लगने के कारण अमरजीत कौर की मौके पर ही मौत हो गई। मुस्कान व अरमान गंभीर रूप से जख्मी हो गए। उन्हेें जीरा के सिविल अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। डॉक्टरों ने मुस्कान व अरमान की चिंताजनक हालत देख उन्हें फरीदकोट मेडिकल कॉलेज में रेफर कर दिया है।