जालंधर सेंट्रल से आप विधायक रमन अरोड़ा को विजिलेंस ने शनिवार को कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने विधायक को पांच दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा है। विधायक रमन अरोड़ा को विजिलेंस ने शुक्रवार को भ्रष्टाचार के मामले में गिरफ्तार किया था। विजिलेंस की टीम ने शुक्रवार सुबह अरोड़ा के अशोक नगर स्थित घर पर रेड की। विधायक अरोड़ा कहीं काम से जा रहे थे। विजिलेंस ने उन्हें गली के मोड़ पर ही रोक लिया और घर ले जाकर उनके सामने छानबीन की गई।
घर से बरामद हुआ कैश और अन्य प्रॉपर्टी
इस दौरान विजिलेंस की टीम ने डेढ़ किलो सोना, 6 लाख रुपये कैश और करोड़ों रुपये की प्रॉपर्टी के दस्तावेज जब्त किए। शुक्रवार की शाम करीब सवा चार बजे विजिलेंस की टीम रमन अरोड़ा को गिरफ्तार कर साथ ले गई। टीम ने नोट गिनने वाली मशीन भी मंगवाई थी। विजिलेंस की टीम जब विधायक के घर से निकली तो उनके हाथों में अटैची और बैग थे। इससे पहले विजिलेंस की टीम ने असिस्टेंट टाउन प्लानर सुखदेव वशिष्ठ को गिरफ्तार किया था। पूछताछ करने पर शहर में वसूली को लेकर विधायक रमन अरोड़ा का भी नाम आया।