फगवाड़ा। आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता दलजीत राजू को एक बार फिर गैंगस्टरों ने धमकी दी है। गैंगस्टरों ने 6 वॉइस मैसेज भेजकर कहा है कि पंजाब पुलिस उन्हें नहीं बचा सकती। राजू के परिवार और दोस्तों को नुकसान पहुंचाने की धमकी देने वालों ने कहा कि वे राजू को इतना नुकसान पहुंचाएंगे जिसे वे जिंदगी भर याद रखेंगे। मैसेज में यह भी कहा है कि अगले 20 दिन के भीतर उनके परिवार या किसी करीबी दोस्त को निशाना बनाया जा सकता है।
गौरतलब है कि गांव दरवेश पिंड में युद्ध नशे विरुद्ध कोऑर्डिनेटर तथा आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता दलजीत राजू के गांव दरवेश पिंड स्थित घर पर अज्ञात हमलावरों ने 26 नवंबर 2025 की रात को 20–25 राउंड गोलियां चलाई थीं। 12 जनवरी को कपूरथला जिले के एसएसपी गौरव तूरा ने फगवाड़ा में एस सुधीर स्वीट्स की दुकान पर दावा किया था कि दलजीत राजू पर फायरिंग करने वालों की पहचान कर ली गई है और जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। एसएसपी के इस बयान के बाद ही दलजीत राजू को फिर से धमकी भरे मैसेज मिलने शुरू हो गए। राजू को पुलिस ने सुरक्षा दे रखी है। राजू को बार-बार धमकी मिलने से फगवाड़ा के लोगों में दहशत का माहौल है।