संवद न्यूज एजेंसी
पठानकोट। जिले के बजरी कंपनी क्षेत्र में नशीले पदार्थ बेचने से रोकने पर एक युवक पर तेजधार हथियारों और डंडों से हमला किया गया। युवक विशाल गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने चार नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विशाल ने पुलिस को बताया कि बॉबी और सनी उर्फ कट्टा उनके मोहल्ले में नशीले पदार्थ बेचने आए थे। जब उसने उन्हें रोका, तो उन्होंने गाली-गलौज की और धमकी देकर चले गए। उसी शाम करीब 5:30 बजे, बॉबी, सनी उर्फ कट्टा, साहिल उर्फ शालू, साहिल और एक अज्ञात युवक दातर और डंडों के साथ विशाल के घर के बाहर पहुंचे। उन्होंने उसे रास्ते में घेर लिया और हमला कर दिया।
शिकायत के अनुसार, विशाल की मां के मौके पर पहुंचने पर आरोपी जान से मारने की धमकियां देते हुए फरार हो गए। जांच अधिकारी एएसआई हरप्रीत सिंह ने बताया कि विशाल के बयान और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की गई है। पुलिस ने बॉबी, सनी उर्फ कट्टा, साहिल उर्फ शालू और साहिल के खिलाफ मामला दर्ज किया है। सभी आरोपी बजरी कंपनी क्षेत्र के निवासी हैं। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।