जालंधर। शनिवार को देर रात टैगोर नगर में उस समय दहशत का माहौल हो गया था, जब शिक्षक राजेश कुमार को उसके दो भाइयों व भाभी ने घरेलू विवाद में पेट्रोल डालकर आग लगा दी। आग की लपटों से घिरा राजेश कुमार गली में आकर चीखने लगा। लोगों ने किसी तरह आग बुझाकर राजेश को सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया, लेकिन रविवार को राजेश ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। मरने से पहले शिक्षक राजेश ने बयान दिया है कि उसे उसके भाइयों व भाभी ने तेल डालकर आग लगाई है। वहीं पुलिस के पास मृतक राजेश की मां भी पहुंची। मां ने अपने अन्य दोनों बेटों व बहू पर राजेश को जिंदा जलाने का आरोप लगाया है। जिसके बाद डिवीजन नंबर पांच की पुलिस ने तीनों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। हालांकि पुलिस को एक सीसीटीवी फुटेज भी मिली है, जिसमें संदिग्ध परिस्थितियों में राजेश कुमार को गली में घर आग लगती नजर आ रही है। एसीपी वेस्ट पलविंदर सिंह का कहना है कि पुलिस मामले की तह तक जाएगी, इसके लिए बारीकी से जांच की जा रही है। हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है, लेकिन सीसीटीवी में राजेश खुद को आग लगाता दिख रहा है, इसकी भी जांच की जा रही है।
राजेश कुमार की मां राजरानी ने बताया कि उसके चार बेटे व एक बेटी है। उसके दो बेटे टैगोर नगर में रहते हैं, जिसमें बड़ा बेटा नरिंदर कुमार गांव चक्क कलां में सरकारी स्कूल में लैब सहायक है, जबकि सबसे छोटा बेटा बेटा राजेश कुमार उर्फ राजू ट्यूशन पढ़ाता था। दूसरे नंबर का बेटा केदार नाथ चंडीगढ़ में बीएसएनएल में कोआर्डिनेटर है। तीसरा बेटा मनोज कुमार स्थानीय दयोल नगर में रहता है और एकाउंटेंट है। बड़े बेटे नरिंदर कुमार का पत्नी के साथ तलाक हो चुका है और राजेश का अपनी पत्नी के साथ तलाक का केस चल रहा है। इसलिए नरिंदर कुमार व राजेश कुमार दोनों भाई टैगोर नगर में अकेले रहते थे। राजरानी अपने पति के साथ ईश्वर कालोनी में अलग रहती है।
शनिवार को चंडीगढ़ से केदार नाथ अपनी पत्नी संध्या के साथ जालंधर टैगोर नगर आया हुआ था। तीनों भाई नरिंदर कुमार, केदार नाथ व राजेश कुमार और संध्या टैगोर नगर में मौजूद थे। इस दौरान किसी बात पर रात को उनमें विवाद हो गया। राजरानी का आरोप है कि इसी विवाद में नरिंदर कुमार, केदार नाथ व संध्या ने मिलकर पेट्रोल डालकर राजेश कुमार को आग लगा दी, जिससे उसकी मौत हो गई। राजेश कुमार ने एक वीडियो में मरने से पहले भी अपने दोनों भाइयों व संध्या पर उसे आग लगाने का आरोप लगाया है। टैगोर नगर में जिस गली में घटनाक्रम हुआ, उसी में शिव सेना हिंद के इशांत शर्मा का घर है, वह शोर सुनकर बाहर निकले और उन्होंने पूरी घटना को अपनी आंखों से देखा।
इशांत शर्मा ने बताया कि राजेश कुमार आग की लपटों से घिरा हुआ था और चीख रहा था। मोहल्ले वालों ने किसी तरह से उसकी आग को बुझाया और एंबुलेंस में डालकर सिविल अस्पताल लेकर आए। इशांत शर्मा ने पुलिस को घटना के बारे में बताया और राजेश कुमार ने हत्या का आरोप अपने भाइयों व भाभी संध्या पर लगाया है। जिसके बाद पुलिस ने उनको हिरासत में ले लिया है।
पुलिस की प्राथमिक जांच में पता चला है कि केदार नाथ ने अनुसूचित जाति का प्रमाण पत्र बनाकर सरकारी नौकरी हासिल की थी। लॉकडाउन के कारण राजेश कुमार का ट्यूशन का कामकाज बंद हो गया। वह अपने भाई केदार नाथ से सहायता मांग रहा था और सहायता न करने पर भाई केदार नाथ को धमका रहा था कि वह उसके विभाग में फर्जी सर्टिफिकेट पर नौकरी लेने की शिकायत कर देगा। जिसके बाद शनिवार को केदार नाथ चंडीगढ़ से संध्या के साथ जालंधर आया हुआ था। जहां विवाद बढ़ गया। दूसरा, राजेश कुमार का पत्नी के साथ तलाक का केस चल रहा है। राजेश कुमार इसका जिम्मेदार संध्या को मानता था कि उसकी दखलंदाजी के कारण उसका परिवार टूट गया है। तीसरा, राजेश कुमार शराब का आदी हो चुका था और अब वह आर्थिक रूप से कमजोर हो गया था और मानसिक तनाव में था।