-परिवार बोला- लूट केस से बेटे का कोई लेना-देना नहीं, मानसिक परेशानी से गुजर रहा
-
संवाद न्यूज एजेंसी
जालंधर। जालंधर के कस्बा नकोदर में हुए ड्रोन लूट मामले में वीरवार को जालंधर प्रेस क्लब के बाहर उस समय तनावपूर्ण स्थिति बन गई जब नकोदर पुलिस पूछताछ के लिए आए युवक आशीष को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने उसे गाड़ी में बिठाया ही था कि उसका परिवार मौके पर पहुंच गया और उसे गाड़ी से बाहर खींच लिया।
इसके बाद दोनों पक्षों के बीच जमकर हंगामा हुआ। पुलिस अधिकारी हरमिंदर सिंह संधू ने बताया कि आशीष से केवल पूछताछ की जा रही है क्योंकि ड्रोन लूट मामले में कई अहम बिंदु सामने आए हैं। पुलिस के मुताबिक 2 दिन पहले हुई घटना में अमित नाम के युवक से ड्रोन लूटे जाने के बाद पूछताछ में आशीष का नाम सामने आया। आशीष की मां किरण ने आरोप लगाया कि उनके बेटे को बेवजह परेशान किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि 28 अक्टूबर को बिट्टू नामक व्यक्ति ने आशीष को फोन किया था और ड्रोन वाले युवक से संपर्क की बात कही थी। आशीष ने पवन नामक व्यक्ति का नंबर दिया था लेकिन उसके बाद कोई बातचीत नहीं हुई। किरण ने कहा कि उनका बेटा पिछले तीन दिनों से मानसिक रूप से परेशान है और अब पुलिस ने उसे जोर-जबरदस्ती गाड़ी में बैठाने की कोशिश की। परिवार का कहना है कि आशीष का लूट की घटना से कोई लेना-देना नहीं है। फिलहाल पुलिस आशीष और अन्य संदिग्धों से पूछताछ कर रही है और शाम तक मामले की स्थिति साफ होने की संभावना है।