जालंधर। संत बाबा हरनाम सिंह प्रकाशक सेवा सिंह संत के खिलाफ वाल्मीकि मजहबी सिख मोर्चा ने पुलिस कमिश्नर को एक ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की है। वाल्मीकि मजहबी सिख मोर्चा की तरफ से लाडोवाली रोड पर पार्क में एक बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक के बाद मोर्चा की तरफ से एक ज्ञापन सौंपा गया।
बैठक के दौरान मोर्चा के सदस्यों ने भगवान वाल्मीकि का निरादर करने वाले लोगों पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। मोर्चा पंजाब के प्रधान महिंदर सिंह हीरा ने कहा कि भगवान वाल्मीकि के खिलाफ किसी भी तरह के का अभद्र व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ध्यान रहे कि भगवान वाल्मीकि पर गलत टिप्पणी करने के आरोप में वाल्मीकि समाज की तरफ से थाना नंबर तीन में एक मामला भी दर्ज करवाया गया है। बैठक के दौरान फैसला किया गया कि अगर पुलिस ने आरोपियों को 25 सितंबर तक गिरफ्तार न किया तो वह मोर्चा खोलेंगे और सड़कों पर उतर आएंगे। इस दौरान इंद्रजीत सिंह, तरसेम सिंह, अजीत सिंह, सतनाम सिंह, रवि कुमार, अनिल कुमार तथा मोर्चा के अन्य सदस्य मौजूद थे।