कपूरथला। ब्लाक फगवाड़ा नौरथ में सतलुज रिवर एक्शन प्लान के अधीन सजल वाटर ट्रीट करके सिंचाई के लिए 7 करोड़ 99 लाख रुपये का प्रोजेक्ट शुरू किया गया है। ये शब्द डीसी दलजीत सिंह मांगट ने अधिकारियों की बैठक को संबोधित करते हुए कहे। उन्होंने कहा कि इस प्रोजेक्ट में 18 किलोमीटर पाइप लाइन डाली जाएगी और कुल 550 हेक्टेयर क्षेत्र को सिंचाई के अधीन लाया जाएगा। डीसी ने बताया कि विभाग द्वारा इंटिग्रेटिड वाटर शेड मैनेजमेंट कार्यक्रम स्कीम में ब्लाक कपूरथला व ढिलवां के 16 गांवों में 4525 हेक्टेयर पर विभिन्न कार्यों के लिए 5 करोड़ 43 लाख खर्च किए जाने की योजना है। वर्ष 2014-15 के दौरान ब्लाक सुल्तानपुर लोधी व कपूरथला के 18 गांवों के 5040 हेक्टेयर के लिए 6 करोड़ 4 लाख 80 हजार रुपये की योजना तैयार की है। उन्होंने बताया कि ट्यूबवेलों द्वारा सिंचाई होने कारण जमीन में पानी का स्तर दिन प्रतिदिन नीचे होता जा रहा है। इस समस्या के लिए विभाग द्वारा जमींदारों को एसडब्ल्यूसी-9 स्कीम में 10 लाख 84 हजार रुपये सब्सिडी में दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि मछली पालन विभाग ने 7 लाख 84 हजार रुपये की लागत से गांव जार्जपुर ब्लाक सुल्तानपुर लोधी में माडल फिश पाउंड तैयार करवाया है।