जालंधर। प्रवर्तन निदेशालय की टीम ने शुक्रवार शाम को सिविल अस्पताल के निकट पाल गारमेंट्स व सूर्या फारेक्स पर छापेमारी की और वहां से चार युवकों को हिरासत में ले लिया। चारों युवक सूर्या फारेक्स के काफी पुराने मुलाजिम बताए जाते हैं। ईडी की टीम चारों युवकों को कार्यालय चली गई, जहां देर शाम खबर लिखे जाने तक उनसे पूछताछ की जा रही थी।
सूत्रों के मुताबिक इस छापेमारी के दौरान एक लंबी सूची हाथ लगी है। प्रारंभिक जांच में ही पिछले दस दिन में करीब 60 से 70 करोड़ की हवाला ट्रांजेक्शन होने की जानकारी ईडी अधिकारियों को मिली है। जो सूटी मिली है उसके अनुसार करीब 90 लोगों को यह ट्रांजेक्शन की गई है। इसमें सभी के नाम दर्ज हैं। ईडी के अधिकारी हालांकि छापेमारी में मिले सामान व बरामदगी और विवरण बताने से इंकार कर रहे हैं लेकिन सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक चारों युवकों में गुरु तेग बहादुर नगर निवासी हरप्रीत हैरी, तेग बहादुर, अजय व बलविंदर को हिरासत में लिया गया है। इनसे लगातार पूछताछ चल रही है। ईडी के सूत्रों के मुताबिक छापेमारी के दौरान सूर्या फारेक्स से कोई नकदी नहीं मिली, जबकि पैसे के ट्रांजेक्शन का कुछ लेखा जोखा जरूर मिला। ईडी के अधिकारिक सूत्रों के मुताबिक यह छापेमारी काफी गोपनीय रखी गई थी। इसमें लोकल पुलिस की सहायता भी ली गई। इनोवा गाड़ियों में सवार होकर ईडी के अधिकारी पाल गारमेंट्स पहुंचे और उस पर बने सूर्या फारेक्स कार्यालय चले गए। वहां पर मालिक अनिल कुमार बिल्ला नहीं मिले लेकिन मौके से चार युवकों को तत्काल हिरासत में ले लिया गया। पाल गारमेंट्स के मालिक का नाम पहले भी चर्चा में आ चुका है और उन पर छापेमारी हो चुकी है। ईडी के सूत्रों के मुताबिक एक टीम हरप्रीत हैरी के निवास पर तलाशी भी ली लेकिन कुछ बरामद नहीं हुआ है।