जालंधर। पंजाब एंड सिंध बैंक के अधिकारी जो काम वर्षों में नहीं कर पाए थे, उसको 40 लॉकरों को तोड़कर करोड़ों का माल चुराने की वारदात के बाद अब घंटों में निपटाया जा रहा है। 24 घंटे में सीसीटीवी कैमरे भी लगाए जा रहे हैं और साथ ही एक उच्चस्तरीय मीटिंग में एक पक्का सुरक्षा गार्ड तैनात करने का अहम फैसला ले लिया गया है।
सोमवार को एक विशेष टीम पठानकोट चौक के पास स्थित ब्रांच में पहुंची और सीसीटीवी कैमरे लगाने के लिए वायरिंग करनी शुरू कर दी। पंजाब एंड सिंध बैंक के जोनल मैनेजर सुखजीत मिन्हास का कहना है कि पंजाब एंड सिंध बैंक की ब्रांचों में सिक्योरिटी तैनात की जाएगी, इसका फैसला ले लिया गया है। इस शाखा में अभी तक न तो सिक्योरिटी का बंदोबस्त था और न ही वहां पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे, जिस कारण चोरों की टोली ने कई घंटे लगाकर गैस वेल्डिंग से 40 लॉकरों को काट डाला था। बैंक बना भी ऐसी जगह पर है कि वहां वारदात करने की भनक राहगीरों को लग नहीं सकती।
इस ब्रांच में सीसीटीवी कैमरे लगाने की बात रिटायर सिक्योरिटी इंचार्ज कंग कई बार कर चुके थे जबकि मौजूदा जोनल सिक्योरिटी इंचार्ज जसबीर सिंह का कहना है कि कई बार उन्होंने मौखिक रूप से कहा था कि बैंक में सिक्योरिटी की जरूरत है। तीन बार तो वह लिखित रूप में भी भेज चुके थे कि बैंक में सीसीटीवी कैमरे जरूर लगवाएं जाएं, पर उनकी बातों को गंभीरता से नहीं लिया गया। अब जब सब कुछ लुट गया है तो बैंक के अधिकारी लकीर पीट रहे हैं। 24 घंटे में सीसीटीवी कैमरे भी लगाए जा रहे हैं और साथ ही एक पक्का सुरक्षा गार्ड भी तैनात करने का अहम फैसला ले लिया गया है।