पुलिस ने नैपच्यून इंस्टीट्यूट के एमडी को छात्राओं की अश्लील तस्वीरें खींचने और यौन प्रताड़ना के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोप है कि वह छात्राओं को नौकरी देने का झांसा देकर फंसाता था। स्थानीय कमिश्नरेट पुलिस की डिवीजन नंबर सात की टीम ने यह कार्रवाई की है।
मामले की जांच कर रहे इंस्पेक्टर वीर सिंह ने बताया कि गिरफ्तार अजीतपाल सिंह ग्लासी जंक्शन के निकट नैपच्यून इंस्टीट्यूट चलाता था। वहां पर लड़कियों को एयर होस्टेस बनने का प्रशिक्षण दिया जाता था। एक लड़की ने पुलिस को शिकायत दी थी कि इंस्टीट्यूट के डायरेक्टर ने कैमरे से चोरी छुपे उसकी आपत्तिजनक तस्वीरें खिंची और उसके साथ छेड़छाड़ भी की। लुधियाना की लड़की का आरोप है कि उसको एयर होस्टेस की जॉब दिलाने का झांसा देकर यौन प्रताड़ना की कोशिश की गई। आखिरकार पुलिस ने अक्तूबर माह में केस दर्ज कर लिया था। इंस्टीट्यूट का एमडी अजीतपाल सिंह फरार चल रहा था। पुलिस ने उसको सोमवार को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से कैमरा व हार्ड डिस्क मिल गई हैं, जिनका इस्तेमाल कर लड़कियों की तस्वीरें खींची और बाद में ब्लैकमेल व यौन प्रताड़ना की कोशिश की।