नवांशहर। उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल ने कहा कि सरकार बेसहारा गायों की देखभाल के लिए विशेष पालिसी बनाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार गऊओं की सेवा में शामिल होना चाहती है। उन्होंने लोगों से गोशालाओं में पलने वाली बेसहारा गायों को गोद लेने का आह्वान भी किया। वह गांव चांदपुर रूढ़की की गो गोबिंद धाम गोशाला में स्वामी कृष्णा नंद की देखरेख में आयोजित समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने गोशाला को 12 लाख रुपये की ग्रांट देने का भी ऐलान किया।
उन्होंने कहा कि गायों की रक्षा के लिए गो डेवलेपमेंट बोर्ड का गठन किया है, जिसका उद्देश्य सड़कों पर घूम रही लावारिस गायों की रक्षा व सेवा करना है। उन्होंने कहा कि सरकार गो रक्षा के लिए जो भी कार्य करेगी, वे तब तक सफल नहीं हो सकते, जब तक लोग अपनी नैतिक जिम्मेदारी नहीं निभाएंगे। इस दौरान उन्होंने गांव चांदपुर रुढ़की से गांव ढल्लेवाल को जाने वाली 6 किलोमीटर लंबी सड़क को बनाने तथा क्षेत्र में पशुओं के लिए डिस्पेंसरी खोलने की घोषणा भी की।
कार्यक्रम के दौरान गोशाला के संचालक स्वामी कृष्णा नंद बीनेवाल वालों ने कहा कि गो सेवा से बड़ी कोई सेवा नहीं है। गाय का भारतीय संस्कृति में भी बहुत महत्व है। मौके पर मुख्य संसदीय सचिव चौधरी नंद लाल, गढ़शंकर से विधायक सुरिंदर सिंह भुलेवाल राठां, सोहन सिंह ठंडल, ठेकेदार अशोक सिंह, पूर्व विधायक मोहन सिंह, इंद्रजीत लूडड्डी, सरपंच रामजी दास मीलू आदि भी उपस्थित थे।