कपूरथला। माडर्न सेंट्रल जेल थेह कंजला में रविवार को एक हवालाती ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान 41 वर्षीय अश्वनी कुमार पुत्र पिशोरी लाल निवासी नकोदर जालंधर के रूप में हुई है। वह माडर्न सेंट्रल जेल में चोरी के एक मामले में विचाराधीन कैदी था। शव का पोस्टमार्टम एक मेडिकल बोर्ड से कराया जाएगा।
जानकारी के मुताबिक 11 नंबर बैरक में बंद हवालाती अश्वनी कुमार माडर्न जेल में स्थित गुरुद्वारा साहिब में माथा टेकने गया था, परंतु वापस नहीं लौटा। उसके साथियों ने उसे गार्डर के साथ लटकता हुए देखा तो जेल प्रशासन को सूचित किया। घटना की जानकारी मिलते ही जेल सुपरिटेंडेंट एसपी खन्ना तुरंत डाक्टरों संजीव ओबराय व डा सुरिंद्रपाल को लेकर मौके पर पहुंचे। दोनों डाक्टरों ने पीड़ित की जांच की तथा उसे कपूरथला के सिविल अस्पताल रेफर कर दिया, जहां ड्यूटी डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जेल सुपरिटेंडेंट खन्ना ने बताया कि हवालाती का शव पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल के शव गृह में रखवा दिया गया है। उसका पोस्टमार्टम मेडिकल बोर्ड से करवाया जाएगा तथा रिपोर्ट आने के बाद मृत्यु के कारणों का खुलासा होगा। इस बात की भी जांच की जा रही है कि हवालाती ने किन कारणों के चलते आत्महत्या का कदम उठाया।