नवांशहर। विदेश भेजने और वहां पर काम दिलाने के नाम पर सात लाख ठगी करने के दो अलग-अलग मामलों में राहों और नवांशहर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामले दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। एक मामले में शिकायतकर्ता को विदेश ही नहीं भेजा, तो दूसरे को वर्क परमिट की जगह विजिटर वीजा दिला दिया।
नवांशहर के शिवालिक एवेन्यू (चंडीगढ़ रोड) पर रहने वाले किरनदीप सिंह ने पुलिस को बताया कि वह बेरोजगार है इसलिए उसके घर वाले उसे विदेश भेजना चाहते थे। एक रिश्तेदार के जरिए उनका संपर्क माछीवाड़ा के प्रेम नगर में रहने वाले बलजीत घई से हुआ। बलजीत घई ने उसे फिजी भेजने का भरोसा दिया और कहा कि वह खुद भी वहां जा रहा है। उनका दो साल का वर्क परमेंट भी बनाकर देगा। मामला 2.5 लाख में तय हो गया। इसके बाद आरोपी ने किरनदीप से ढाई लाख रुपये ले लिए और उसे जून 2011 में फिजी ले गया। वहां जाकर उससे एक लाख की और मांग करने लगा तथा इस बात को लेकर दोनों बहस हो गई। किरनदीप ने बताया कि बाद में उसे पता चला कि बलजीत उसे वर्क परमेट पर नहीं, बल्कि एक हफ्ते के विजिटर वीजा पर वहां ले गया था। किरनदीप ने मामले की शिकायत पुलिस से की, जिसकी जांच के बाद आरोपी के खिलाफ थाना सिटी में मामला दर्ज कर लिया गया है।
विदेश भेजने के नाम पर ठगी के एक अन्य मामले में राहों के चौक पट्टूआं निवासी अनिरुद्ध प्रभाकर ने पुलिस को बताया कि वह न्यूजीलैंड जाना चाहता था। उसने गांव भौरा के ट्रेवल एजेंट सुरजीत राम व उसकी पत्नी को समय-समय पर चार लाख 50 हजार रुपये दिए। आरोपियों ने उसे मार्च 2012 में यह कह कर दिल्ली बुला लिया कि तुम्हारी फ्लाइट तैयार है लेकिन न तो उसे विदेश भेजा गया और न ही उसकी रकम व पैसे वापस किए। अनिरुद्ध की शिकायत पर पुलिस ने जांच के बाद मामले में सुरजीत की पत्नी को पैसे देने की बात साबित नहीं मानी, लेकिन सुरजीत पर धोखाधड़ी करने के संबंध में मामला दर्ज कर लिया है।