पेयजल की कमी से नाराज लोगों का गुस्सा फूटा
वार्ड नंबर-2 के 450 परिवारों को नहीं मिल पा रहा जरूरत के मुताबिक पानी
अमर उजाला ब्यूरो
पठानकोट। वार्ड नं.-2 के अधीन खानपुर से सुजानपुर रोड पर पेयजल की समस्या को लेकर लोगों ने स्वच्छ खानपुर-स्वस्थ खानपुर संस्था के अध्यक्ष जतिन वालिया के नेतृत्व में सड़क जाम कर नगर निगम के खिलाफ प्रदर्शन किया।
बंटी, मदन लाल, वरुण कुमार, राजेश कुमार, नवीन कुमार, कंवलजीत, अनिता, मीना कुमारी, सरोज देवी, कंचन देवी, मोहनी देवी, कमलेश कुमारी, रानो देवी, साधना देवी, प्रवीण, विजय कुमार ने बताया कि उनके घरों में पेयजल के लिए जाने वाली पाइपें मात्र डेढ़ इंच मोटी हैं। इसके कारण सभी लोगों के घरों तक पानी नहीं पहुंच पाता है। जिनके घर आता भी है वह भी बिल्कुल नाममात्र है जिससे लोग अपने रोजाना के कार्य नहीं कर पाते हैं।
जतिन वालिया ने कहा कि यह समस्या कई वर्षों से चली आ रही है। इस समस्या के समाधान की मांग को लेकर नगर निगम को लिखित शिकायत भी की गई थी लेकिन अब तक इसका समाधान नहीं किया गया। इसके कारण इस रोड पर पड़ते बजुआ मोहल्ला, प्रस्थान आश्रम गली, ओबराय स्कूल गली, प्रभात माडल स्कूल गली, डा. बेदी के सामने पड़ी गली में पड़ते करीब 450 घरों को इस समस्या से जूझना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि रोजाना समस्या बढ़ने के कारण लोगों का गुस्सा फूटा है। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि अगर एक सप्ताह में पानी की पाइपों को बदला नहीं गया तो वह निगम के खिलाफ प्रदर्शन करेंगे।