ट्रक आपरेटरों ने मंड़ियों से माल उठाने का किया बायकॉट
काली पट्टियां बांधकर प्रदर्शन, बोला- सरकार कर रही मनमानी
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुहरसहाय (फिरोजपुर)। पंजाब में गेहूं खरीद के दौरान मंडियों में गेहूं की लोडिंग व अनलोडिंग के लिए ट्रक आपरेटरों ने टेंडर भरने से मना कर दिया है। रविवार को ट्रक यूनियन गुरुहरसहाय की बैठक हुई। ट्रक आपरेटरों ने काली पट्टियां बांधकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया।
ट्रक यूनियन के अध्यक्ष सीमू पासी ने बताया कि ऑल इंडिया ट्रक यूनियन हड़ताल पर है। यूनियन ने टेंडरों का बायकॉट किया हुआ है। सरकार जिन रेटों पर ट्रक आपरेटरों से टेंडर भरकर काम करवाना चाहती है उससे एक ट्रक आपरेटर को कम से कम सीजन में 25 हजार रुपये का नुकसान होगा जिसे ट्रक आपरेटर नहीं झेल सकते है। पासी ने कहा कि अगर सरकार ट्रक आपरेटरों से काम करवाना चाहती है तो पुराने रेटों पर ही काम करवाएं। ऐसा नहीं हुआ तो ट्रक आपरेटर हड़ताल पर ही रहेंगे और कोई भी ट्रक आपरेटर नए रेटों पर टेंडर नहीं भरेगा। प्रशासनिक अधिकारी ट्रक आपरेटरों को धमका रहे है कि वह नए रेटों पर टेंडर भरें जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जब से कैप्टन सरकार बनी है ट्रक आपरेटरों के पीछे पड़ी है। इस कारण ट्रक आपरेटर भूखे मरने की कगार पर हैं। सरकार कहती है कि उसकी वित्तीय हालत ठीक नहीं है इसके लिए क्या ट्रक आपरेटर अपनी जेब से पैसा खर्च करके सरकार की मदद करें। वहीं कैप्टन सरकार की तरफ से पहले ही ट्रक यूनियनें भंग कर दी गई है। मौके पर उनके साथ सोनू मोंगा, गुरमीत सिंह, हंस राज बट्टी, बिट्टा सोढ़ी मौजूद थे।
-----------------------
फोटो संख्या-01एफजेडआरपी05
कैप्शन--गुरुहरसहाय (फिरोजपुर) में ट्रक आप्रेटर बैठक के पश्चात सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए।