विजिलेंस की लेखा ब्रांच में की छापामारी
टीए से संबंधित चेक किए दस्तावेज
अमर उजाला ब्यूरो
फिरोजपुर।
रेल डिवीजन में फर्जी ट्रेवलिंग अलाउंस (टीए) घोटाले मामले में वीरवार को विजिलेंस टीम ने रेलमंडल कार्यालय की लेखा ब्रांच में छापामारी की। इस दौरान टीम संबंधित दस्तावेज चेक कर अपने साथ ले गई।
लेखा ब्रांच में दस्तावेज चेक करने के बाद शाम साढ़े पांच बजे रेलवे के पावर हाउस में विजिलेंस टीम ने दबिश दी। यहां पर भी कई दस्तावेजों की छानबीन की। विजिलेंस टीम को देखकर कई रेल कर्मी इधर-उधर भाग गए। विजिलेंस ने एक रेल कर्मी की शिकायत पर फर्जी टूर बनाकर टीए लेने का मामला पकड़ा था। सूत्रों के मुताबिक फर्जी टूर बनाकर टीए लेने वाले इलेक्ट्रिकल विभाग के करीब 18 रेल कर्मी हैं। इनमें से चार ऐसे हैं, जो दस्तावेजों में तीन हजार के पीछे 30 हजार और 5 हजार के पीछे 50 हजार रुपये टीए वसूलते रहे हैं। इनके साथ पावर हाउस का एक क्लर्क भी मिला हुआ था। उसे रेल अधिकारियों ने तबादला कर कटड़ा भेज दिया है।