14 दिन में चौथी बार टला सीएम का पठानकोट दौरा
पहले बैराज बांध के उद्घाटन और फिर सीमावर्ती गांवों में आना हुआ था तय
नवदीप शर्मा
पठानकोट। सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह का वीरवार को सरहदी इलाकों का दौरा एक बार फिर से कैंसल हो गया। 14 दिन में चौथी बार ऐसा हुआ, जब जिला प्रशासन को मौके पर पता चला कि सीएम साहब का दौरा रद्द हो गया। सबसे पहले सुनील जाखड़ ने उच्चा थड़ा की रैली में जिला प्रशासन को सूचित किया कि शाहपुरकंडी के पास बन रहे बैराज बांध के निर्माण कार्य का निरीक्षण और उद्घाटन समारोह 15 फरवरी को करवाया जाना है। जिला प्रशासन ने सारी तैयारियां कीं लेकिन एक दिन पहले दौरा कैंसल कर दिया गया। उसके बाद 23 फरवरी को कार्यक्रम तय किया गया। डीसी रामबीर, एसएसपी विवेकशील सोनी समेत अन्य आला अधिकारियों ने शाहपुरकंडी के सरकारी स्कूल में जन संबोधन रैली समेत बैराज बांध के उद्घाटन की सारी तैयारियां कीं लेकिन एक शाम पहले जल संसाधन मंत्री एसएस सरकारिया ने फोन कर बांध के चीफ इंजीनियर को कार्यक्रम रद्द होने की सूचना दी। इसके बाद पाक के साथ सीमा पर बढ़े विवाद के कारण दौरा लटक गया। 23 फरवरी को सरकारिया बैराज बांध के निर्माण कार्य का जायजा लेने के लिए पहुंचे और जल्द ही सीएम के आने की जानकारी दी। जिला प्रशासन को फिर सूचना मिली कि 27 फरवरी को सीएम सीमावर्ती क्षेत्रों का दौरा कर लोगों से मुलाकात करेंगे। जिला प्रशासन ने तारागढ़ सीनियर सेकेंडरी स्कूल में हैलीपैड को तैयार करवाया। नरोट जैमल सिंह के जीएनडीयू कॉलेज में जनसभा को संबोधित करने के लिए जिला प्रशासन और हलका विधायक जोगिन्द्र पाल ने पंडाल तैयार करवाया पर कार्यक्रम 28 फरवरी के लिए स्थगित कर दिया गया। वीरवार सुबह सीएम का कार्यक्रम चौथी बार भी रद्द हो गया। डीसी रामबीर से इस बारे पूछा तो उन्होंने कहा कि इस बारे में वह कुछ नहीं बता सकते।