शहर को नशामुक्त बनाने में हर तरह के सहयोग का दिया आश्वासन
पूर्व जिला भाजपा प्रधानों के साथ भाजपाई एसएसपी से मिले
अमर उजाला ब्यूरो
कपूरथला। कपूरथला में जिला भाजपा की गुटबाजी एक बार फिर उस समय सामने आई, जब जिला भाजपा के दो पूर्व प्रधान पुरुषोत्तम पासी और आकाश कालिया के नेतृत्व में मौजूदा जिला प्रधान से नाराज भाजपाई एकजुट होकर नए एसएसपी सतिंदर सिंह से मिले।
एसएसपी सतिंदर सिंह से मुलाकात के दौरान पुरुषोत्तम पासी, आकाश कालिया, राजेश पासी और गगन पासी ने कहा कि शहर में नशे का दानव कई परिवारों को बर्बाद कर रहा है। इसलिए इसका फन कुचलने के लिए पुलिस को उचित कार्रवाई अमल में लानी चाहिए। जिससे कपूरथला शहर नशा मुक्त हो सके। उन्होंने कहा कि भाजपा नेता इस अभियान में पुलिस को पूरी सहयोग देगी। इस मामले में किसी भी तरह की कोई सिफारिश नहीं करेगी। क्योंकि नशे की वजह से शहर काफी पिछड़ रहा है। इस दौरान एसएसपी सतिंदर सिंह ने उन्हें आश्वासन दिया कि अभी-अभी उन्हें चार्ज संभाला है। शहर में कानून व्यवस्था और नशे के कारोबार पर पूरी तरह से नकेल कसी जाएगी। उन्होंने कहा कि इस मामले में पूरी पारदर्शी ढंग से कार्रवाई की जाएगी और किसी निर्दोष को नहीं फंसाया जाएगा। एसएसपी ने भाजपा नेताओं से गुजारिश की कि अगर उन्हें कोई युवा जो नशे की दलदल में फंसा हुआ हो, उसे पुलिस के पास लेकर आएं ताकि उसका उचित इलाज करवाया जा सके। इस मौके पर पार्षद हरदयाल सिंह झीता, पवन धीर, यश महाजन, बलदेव सिंह, करनैल सिंह, डा. साहिब सिंह, कपूर चंद थापर, ओमप्रकाश माहला, मलकीत सिंह और यादविंदर पासी मौजूद थे।