मार्केट कमेटी की लापरवाही से भीग गई सैकड़ों क्विंटल गेहूं
अमर उजाला ब्यूरो
अबोहर। स्थानीय मार्केट कमेटी के अधिकारियों की लापरवाही से अनाज मंडी में आई सैकड़ों क्विंटल गेहूं बीती रात हुई बरसात में भीग गई। बुधवार सुबह किसानों ने गीली गेहूं को फैलाकर सुखाने का प्रयास किया, लेकिन फिर भी इसका रंग काला पड़ने की संभावना है। जिससे इसकी कीमत में भी कमी आएगी। अनाज मंडी में गेहूं खरीद सीजन शुरू होने से पहले ही टूटे हुए शेड के स्थान पर नए शेड लगाने का कार्य शुरू किया गया। जो बेहद ही धीमी गति से चल रहा है। मंगलवार को मंडी में गेहूं खरीद की शुरुआत हो गई। लेकिन मंगलवार शाम से लेकर देर रात तक चली बरसात के कारण मंडी में आई सैकड़ों क्विंटल गेहूं भीग गई। जिससे उसका रंग काला पड़ने से भाव में भी कमी आएगी। इस बारे में बातचीत करते हुए गांव रोहेडियांवाली निवासी किसान इंद्राज सिंह ने बताया कि मंगलवार को ही वे करीब 100 मन गेहूं लेकर मंडी में आए थे। लेकिन मौसम खराब होने के बाद भी आढ़ती ने खुले आसमान के नीचे ही ढेरी लगवा ली और रात को हुई बरसात से सारी गेहूं गीली हो गई। उन्होंने बताया कि तिरपाल आदि लगाकर उन्हें गेहूं को बचाने का पूरा प्रयास किया लेकिन बरसात तेज होने के कारण वे उसे बचा नहीं सके। इस मौके पर पहुंचे अन्य किसानों बलराज सिंह, धीरज कुमार, नरेंद्र कुमार तथा जगरूप सिंह आदि ने बताया कि मंडी में नए शेड लगाने का कार्य कछुआ गति से चल रहा है। जो अगले दो महीने तक पूरा होने की संभावना नहीं है। जिससे अगर भविष्य में बरसात होती है तो किसानों को भारी नुकसान हो सकता है। किसानों ने बताया कि मंडी के जो शेड सुरक्षित हैं, उनमें व्यर्थ का सामान भरा हुआ है वहीं जगह-जगह कचरे के ढेर लगे हैं और मंडी में आवारा पशुओं की रोकथाम के लिए भी कोई प्रबंध नहीं किया गया। किसानों ने मंडी बोर्ड के अधिकारियों से इन समस्याओं की ओर ध्यान देने की मांग की है।
इस समाचार की फोटो एबीआर 1 और 2 भेजी जा रही है।