झील का पानी पीने को मजबूर गांव चिब्बड़ के लोग, जताया रोष
लोग बोले- 12 साल से टूटी सड़कें बनवाने वाला कोई नहीं
अमर उजाला ब्यूरो
पठानकोट। ग्राम पंचायत चिब्बड़ के लोगों ने गांव की खस्ताहाल सड़कों और गंदे पानी की सप्लाई को लेकर मंडी बोर्ड और जन सेहत विभाग के खिलाफ शुक्रवार को नारेबाजी करते हुए रोष प्रदर्शन किया।
कांग्रेस अल्पसंख्यक सेल के जिला चेयरमैन अल्लादीन की अध्यक्षता में रोष प्रदर्शन करते पंच कुशल कुमार, पंच यकूबद्दीन, पूर्व पंच शाहद्दीन, मंगल सिंह, राशिदा बेगम, शिकाशम बेगम, निसार अख्तर, सबीना अख्तर, और असलम ने बताया कि चिब्बड़ गांव की सड़कें पिछले लगभग 12 सालों से पूरी तरह टूटी हैं। जिसकी ओर विभाग ध्यान नहीं दे रहा है। साथ ही गांव को पिछले कई सालों से झील के गंदे पानी की सप्लाई की जा रही है। जिसके कारण बच्चे और बुजुर्ग बीमार हो रहे हैं। लोगों ने बताया कि गांव चिब्बड़ को पानी की सप्लाई देने वाली वाटर सप्लाई पूर्व सांसद विनोद खन्ना के समय लगाई गई थी। जिसमें रणजीत सागर बांध झील के पानी को फिल्टर करके लोगों को सप्लाई दी जाती थी। लेकिन पिछले कई सालों से वाटर सप्लाई में पानी को साफ करने वाले फिल्टर खराब हैं। जिसके बारे में कई बार लोगों ने लिखित शिकायत दी। लेकिन विभाग की ओर से फिल्टर नहीं बदले गए, जिसके चलते उन्हें मजबूरन झील का गंदा पानी पीना पड़ रहा है। जन सेहत विभाग के जेई दविंदर कुमार ने बताया कि मामला उनके ध्यान में आ गया है। वह खुद मौके पर जाकर हालात का जायजा लेकर उचित कार्रवाई करेंगे। लोगों की समस्या का जल्द हल किया जाएगा।
फोटो:-3-वाटर सप्लाई के बाहर रोष प्रदर्शन करते गांव चिब्बड़ के लोग।