सभी केंद्र
यूके में 5 जून को रखा जाएगा जलियांवाला बाग का कलात्मक मॉडल
यूके के म्यूजियम में होगा स्थापित, मॉडल को तैयार करने में लगा दो साल का समय
अमर उजाला ब्यूरो
जालंधर। यूके स्थित सिख हैरिटेज सेंटर एंड होलोकास्ट म्यूजियम डर्बी में 5 जून को अमृतसर के जलियांवाला बाग पर बनाए गए कलात्मक मॉडल को रखा जाएगा। यह मॉडल बनाने में 2 साल की मेहनत करनी पड़ी है। यह जानकारी देने के लिए सिख सेवक सोसाइटी इंटरनेशनल तथा नेशनल सिख हैरिटेज सेंटर एंड होलोकास्ट म्यूजियम डर्बी के पदाधिकारियों ने जालंधर में प्रेसवार्ता की। इस दौरान रजिंदर सिंह पुरेवाल व परमिंदर पाल सिंह खालसा ने कहा कि 13 अप्रैल 1919 वैशाखी वाले दिन जलियांवाला बाग में आए हुए हजारों निहत्थे लोगों पर जनरल डायर ने गोलियां चलाने का हुक्म देकर भारी कत्लेआम किया था, उसी संबंध में भाई साहिब सिंह ने कलात्मक मॉडल तैयार किया है। उन्होंने कहा कि सारा मॉडल लकड़ी का तैयार किया गया हैं। इस मॉडल को तैयार करने में रोजाना 16-17 घंटे की मेहनत करनी पड़ी। इसमें शहीदों को दर्शाया गया हैं। मॉडल में दिखाया गया है कि जनरल डायर ने चारों तरफ से गेट बंद करवा के लोगों के ऊपर गोलियां चलाई थी। वहीं खूनी कुएं में भी लोग छलांग लगाते हुए नजर आ रहे हैं। इस मॉडल को तैयार करवाने में रजिंदर सिंह पुरेवाल का विशेष रोल भी शामिल है, जिन्होंने इस मॉडल को म्यूजियम में रखने का उपराला किया। यह मॉडल जलियांवाला बाग के शहीदों को श्रद्धांजलि हैं। इस मौके पर रणजीत सिंह संधू, किरण प्रीत कौर, मनजीत सिंह, सुरेंद्र पाल सिंह गोल्डी, संदीप सिंह चावला, हरभजन सिंह बैंस, दविंदर सिंह, अमरजीत सिंह, बलविंदर पाल सिंह, मनजीत सिंह दुआ, मनिंदरजीत सिंह दुआ, संतोष सिंह, दलबीर सिंह, गगनदीप सिंह, प्रभजोत सिंह मौजूद थे।