फिरोजपुर हलके में बादल परिवार की रहेगी अहम जिम्मेदारी : मजीठिया
यूथ अकाली दल की रैली में बोले पूर्व मंत्री, सीमावर्ती क्षेत्र में बड़ी इंडस्ट्री लगना संभव नहीं
अमर उजाला ब्यूरो
जलालाबाद (फिरोजपुर)। यूथ अकाली दल के संरक्षक बिक्रम सिंह मजीठिया ने कहा कि फिरोजपुर लोकसभा हलके में हमेशा अकाली-भाजपा गठबंधन का कब्जा रहा है। इस कब्जे को आगे भी जारी रखा जाएगा, जिसमें बादल परिवार अहम जिम्मेदारी निभाएगा। मजीठिया सोमवार को हरकृष्ण गार्डन में आयोजित यूथ अकाली दल की रैली को संबोधित कर रहे थे।
मजीठिया ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने सत्ता में आने के लिए झूठ का सहारा लिया है। टैक्सों के बोझ ने आम जनता की कमर तोड़ दी है। कांग्रेस के पंजाब प्रधान सुनील कुमार जाखड़ के बारे में मजीठिया ने कहा कि यदि उनके इस हलके में काम अच्छे होते तो वह यह हलका छोड़कर कभी न जाते। यदि उनमें चुनाव लड़ने का माद्दा है तो वह फिरोजपुर आकर चुनाव लडे़ं। मौजूदा खजाना मंत्री मनप्रीत सिंह बादल को नकली बादल बताते हुए मजीठिया ने कहा कि वित्त मंत्री द्वारा जनता पर 1200 करोड़ रुपये का अधिक बोझ डाला जा रहा है। जलालाबाद विधानसभा में पिछले समय में कोई भी ऐसा लीडर नहीं जिसने सुखबीर बादल के मुकाबले विकास करवाया हो।
चौकीदार चोर के सवाल पर मजीठिया ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की बदौलत ही देश की सुरक्षा मजबूत हुई है। जलालाबाद हलके में सुखबीर बादल द्वारा राईस हब देने की बात पर मजीठिया ने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्र में हमेशा हालात सामान्य नहीं रहते और किसी भी बड़े इनवेस्टर को लाने की बात की जाए तो उसे इसी बात का डर रहेगा कि कहीं जंग जैसे हालात बन जाएंगे तो वे क्या करेंगे। इसलिए बड़ी इंस्ट्रीज की संभावना कम है। एक सवाल के जवाब में मजीठिया ने कहा कि शेर सिंह घुबाया को पार्टी दो साल पहले निकाल चुकी है। पार्टी पंजाब में हिंदुओं को कितनी सीटों पर चुनाव लड़ाएगी। इस पर मजीठिया ने कहा कि अकाली दल जातिवाद से ऊपर उठकर हर वर्ग व हर धर्म का सम्मान करता है, काबलियत के आधार पर ही टिकट दी जाएगी।
-----------------------------
फोटो संख्या-25एफजेडआरपी01जे
कैप्शन: जलालाबाद (फिरोजपुर) में रैली को संबोधन करते हुए बिक्रमजीत सिंह मजीठिया।