अध्यापक ने खाई गलत दवा, संदिग्ध परिस्थितियों में मौत
पठानकोट। मोहल्ला नेहरू नगर में किराए के मकान में रह रहे टीचर की संदिग्ध परिस्थितियों में दवा खाने से मौत हो गई। परिवार ने पुलिस को दिए बयान में कहा है कि गलत दवा खाने से मौत हुई है। फिलहाल थाना डिवीजन नंबर 2 पुलिस ने मौत के कारण की जांच को लेकर सिविल अस्पताल से लाश का पोस्टमार्टम करवाया है। मृतक बलदेव प्रकाश निवासी तिब्बड़ जिला गुरदासपुर एरिया का रहने वाले थे। भदरोआ स्थित सरकारी मिडल स्कूल में बलदेव प्रकाश टीचर तैनात थे। वह मोहल्ला नेहरू नगर में रह रहे थे। पुलिस के मुताबिक पत्नी रितु बाला ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उसके पति कुछ दिनों से बीमार चल रहे थे। उन्होंने गलती से कोई एक्सपायरी दवा खा ली। जिससे उनकी तबीयत बिगड़ी और मौत हो गई। थाना डिवीजन नंबर 2 के एएसआई बलवीर का कहना है कि पुलिस ने पत्नी के बयान पर फिलहाल 174 की कार्रवाई कर सिविल अस्पताल से लाश का पोस्टमार्टम करवा दिया है। पुलिस का कहना है कि बिसरा आने के बाद अगली जांच की जाएगी।