ट्रैफिक पुलिस ने काटा ट्रैफिक पुलिस मुलाजिम का चालान
अमर उजाला ब्यूरो
जालंधर। बिना नंबर की गाड़ी में घूमना और ड्राइविंग के समय फोन सुनना एक ट्रैफिक पुलिस मुलाजिम को मंहगा पड़ गया। ट्रैफिक पुलिस अधिकारी ने उक्त ट्रैफिक पुलिस मुलाजिम को रोका व उसका चालान कर दिया। ट्रैफिक पुलिस की इस कार्रवाई की दिनभर चर्चा रही और पुलिस मुलाजिम भी इस बारे में बातें करते नजर आए। मामले के अनुसार थानेदार कुलवंत सिंह जो कि ज्योति चौक पर तैनात थे, ने देखा कि एक कार, जिस पर नंबर नहीं था, उसका चालक मोबाइल पर बात करते हुए कार चला रहा था। थानेदार ने उसे रोका तो बिना नंबर की कार में ट्रैफिक पुलिस मुलाजिम था, जो मोबाइल सुनते हुए वहां से निकल रहा था। थानेदार ने उक्त ट्रैफिक पुलिस मुलाजिम को रोककर उसका चालान तो काटा। साथ ही उसे 300 रुपये जुर्माना भी कर दिया। पुलिस ने इसके अलावा भी कई लोगों के बिना हेलमेट, बिना लाइसेंस व ड्राइविंग के समय फोन सुनने वालों के चालान किए।