शादी समारोह से लौट रहे युवक की हादसे में मौत
फिरोजपुर। शादी समारोह से लौट रहे एक नौजवान की सड़क हादसे में मौत हो गई। यह हादसा जीरा विधानसभा हलके के तहत आवान रोड पर हुआ। सूचना मिलते ही घटनास्थल पर पुलिस ने पहुंच शव को अपने कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी। जानकारी के अनुसार जगसीर सिंह जस्सा (24) पुत्र अजमेर सिंह वासी गांव फेरोके अपने दोस्त की शादी समारोह में शामिल होने के लिए गांव मंदर मुहार गया था। बुधवार रात को समारोह खत्म होने पर गांव मंदर मुहार से देर रात बाइक पर अपने गांव फेरोके लौट रहा था। गांव आवान के नजदीक मोड़ पर आ रही रेहड़ी से बाइक टकरा गई। इस हादसे में जगसीर सिंह को गंभीर चोटें लगीं। उसे उपचार के लिए मोगा के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी मौत हो गई।