कोटकपूरा में आप विधायक और एडीसी के बीच बहस
मनरेगा में घपले के लिए मांग पत्र देने आए थे आप विधायक संधवां
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदकोट।
मिनी सचिवालय स्थित डिप्टी कमिश्नर दफ्तर में बुधवार को कोटकपूरा से आम आदमी पार्टी के विधायक कुलतार सिंह संधवां और एडिशनल डिप्टी कमिशनर के बीच बहस हो गई। मामला इतना बढ़ गया कि एडीसी ने विधायक को दफ्तर से बाहर जाने तक के लिए कह दिया। इस मुद्दे को लेकर राजनीति गर्मा गई है और आम आदमी पार्टी ने वीरवार को डीसी दफ्तर के आगे धरना देने का घोषणा की है।
विधायक कुलतार सिंह संधवां अपने पार्टी पदाधिकारियों और वर्करों के साथ मनरेगा स्कीम की घपलेबाजी को लेकर मांग पत्र देने के लिए डीसी दफ्तर पहुंचे थे। डीसी के छुट्टी पर होने की वजह से उनका सामना डीसी दफ्तर का कामकाज देख रेख रहे एडीसी केशव हिंगोनिया से हुआ, जो उस समय विभागीय अधिकारियों के साथ मिनी मीटिंग हाल में बैठक कर रहे थे।
विधायक का संदेश मिलने पर एडीसी बैठक छोड़कर दफ्तर में आ गए। विधायक ने उनसे खड़े होकर मांगपत्र लेने को कहा तो उन्होंने सभी को अदालत परिसर में बुला लिया। वहां पर विधायक और एडीसी के बीच बहस उस समय शुरू हुई जब विधायक ने कहा कि वह कुछ मांगने नहीं आएं, बल्कि बताने आए हैं। क्योंकि सरकार अपने अफसरों से मांगने नहीं आती। विधायक के खुद को सरकार बताने पर एडीसी ने कहा कि वह सरकार नहीं हैं, बल्कि महज एक विधायक हैं। इसके बाद दोनों के बीच बहस होती रही और बाद में एडीसी बिना मांग पत्र लिए ही विधायक को गो आउट साइड कहते हुए अपनी सीट से उठकर चले गए।
इसके बाद विधायक व उनके समर्थकों ने डीसी दफ्तर के आगे कुछ समय धरना दिया और मिनी सचिवालय के पत्थर को मांगपत्र दिखाकर वापस लौट गए। इस मामले में विधायक कुलतार सिंह संधवां ने एडीसी पर दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाते हुए कहा कि वह इस मामले में एडीसी की राज्य के मुख्य सचिव के पास शिकायत करेंगे। एडीसी केशव हिंगोनिया ने कहा कि विधायक को भ्रम है कि वह पंजाब सरकार है। साथ ही उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों की मीटिंग में भी विघ्न डाला। वह उनके खिलाफ कार्रवाई के लिए पंजाब विधानसभा के स्पीकर के पास शिकायत करेंगे।
-------
फोटो 07एफआरडीपी01
फरीदकोट में विधायक कुलतार सिंह के साथ बहस करते एडीसी केशव हिंगोनिया
------
फोटो 07एफआरडीपी02
फरीदकोट में एडीसी के साथ बहस के बाद रोष धरना देते विधायक कुलतार सिंह संधवां व पार्टी कार्यकर्ता
---------