अबोहर पुलिस का फ्लैग मार्च।
- फोटो : संवाद
अबोहर और बल्लुआना में पुलिस का फ्लैग मार्च
ब्लॉक समिति और जिला परिषद चुनावों को शांतिपूर्ण ढंग से करवाने के उद्देश्य से बुधवार को पुलिस प्रशासन की ओर से अबोहर और बल्लुआना क्षेत्रों में फ्लैग मार्च निकाला गया। इस कार्रवाई का नेतृत्व एसपी (डी) तरुण रत्न ने किया, जिसमें भारी पुलिस बल शामिल रहा। फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस ने मुख्य मार्गों, बाजारों, आवासीय इलाकों, गांवों और संवेदनशील क्षेत्रों में पैदल और वाहनों से गश्त की।
अधिकारियों ने बताया कि चुनाव अवधि के दौरान किसी भी तरह की अव्यवस्था या गड़बड़ी को सख्ती से रोका जाएगा।एसपी (डी) तरुण रत्न ने जानकारी दी कि अबोहर क्षेत्र में कुल 2 ब्लॉक, 111 पोलिंग स्टेशन और 203 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए तीन डीएसपी के नेतृत्व में 8 पेट्रोलिंग पार्टियां सक्रिय रहेंगी, जबकि 450-500 पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। संवेदनशील बूथों पर विशेष निगरानी की व्यवस्था की गई है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे निर्भय होकर मतदान करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि लोकतांत्रिक प्रक्रिया को और मजबूत बनाया जा सके।
जालंधर पुलिस का फ्लैग मार्च।
- फोटो : संवाद
जालंधर देहात पुलिस का चार सब-डिवीजनों में भारी फोर्स के साथ फ्लैग मार्च
ब्लॉक समिति और जिला परिषद चुनावों को शांतिपूर्ण व निष्पक्ष तरीके से कराने के उद्देश्य से जालंधर देहात पुलिस ने सब-डिवीजन नकोदर, शाहकोट, फिल्लौर और आदमपुर में भारी पुलिस फोर्स के साथ व्यापक फ्लैग मार्च निकाला। एसएसपी जालंधर देहात हरविंदर सिंह विर्क के दिशा-निर्देशों और एडिशनल एसपी सरबजीत राय की निगरानी में किए गए इस ऑपरेशन के तहत सभी संवेदनशील क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था मजबूत करने पर जोर दिया गया। चुनाव आयोग के निर्देशों के तहत पुलिस प्रशासन ने नियमों की सख्ती से पालना सुनिश्चित की।
सब-डिवीजन नकोदर में डीएसपी ओंकार सिंह बराड़, सब-डिवीज़न शाहकोट में डीएसपी सुखपाल सिंह, सब-डिवीज़न फिल्लौर में डीएसपी भरत मसीह लधर और सब-डिवीजन आदमपुर में डीएसपी राजीव कुमार ने अपनी-अपनी टीमों और थानों के प्रमुख अधिकारियों के साथ गांव-गांव जाकर फ्लैग मार्च किया। फ्लैग मार्च का उद्देश्य नागरिकों में सुरक्षा का भाव पैदा करना और उन्हें बेखौफ होकर मतदान के लिए प्रेरित करना था। पुलिस प्रशासन ने लोगों को भरोसा दिलाया कि किसी भी असामाजिक तत्व द्वारा माहौल बिगाड़ने की कोशिश पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जालंधर ग्रामीण पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी तरह की शिकायत या सूचना के लिए वे तुरंत हेल्पलाइन 112 पर संपर्क करें। पुलिस नागरिकों की सुरक्षा, शांति और भरोसे को कायम रखने के लिए पूरी तरह तत्पर और प्रतिबद्ध है।