कूड़ा नहीं उठाने पर मेयर पर बरसे कांग्रेसी पार्षद
जालंधर। कांग्रेसी पार्षद राजिंदर कुमार जुनेजा मंगलवार को अपनी ही पार्टी के मेयर जगदीश राजा के खिलाफ धरने पर बैठ गए। कांग्रेसी पार्षद जुनेजा का कहना है कि अर्बन एस्टेट फाटक के पास कूड़े का डंप बना दिया गया है। जिससे लोगों का जीना दूभर हो गया है। कई दिनों तक वहां से कूड़ा नहीं उठाया जा रहा है। इसकी वजह से फेज-1, फेज-2 और मोहल्ला कन्यावाली के लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इलाके में बीमारी फैलने का खतरा बना हुआ है। कूड़े के डंप की वजह से श्मशानघाट पर संस्कार के लिए आने वाले लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
पार्षद मिंटू जुनेजा ने आरोप लगाया कि उन्होंने इस समस्या को लेकर कई बार मेयर जगदीश राजा से बात की। लेकिन उनकी कोई सुनवाई नहीं हुई है। लोगों की परेशानी देखकर उन्हें मजबूर होकर धरने पर बैठना पड़ रहा है। उन्होंने मेयर से फिर मांग की है कि कूड़े के डंप को वहां से जल्दी हटाया जाए और स्थानीय लोगों को समस्या से निजात दिलवाई जाए। काफी समय तक मिंटू जुनेजा नगर निगम में धरने पर बैठे रहे। आखिरकार अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि कूड़े को हटवा दिया जाएगा। जिसके बाद मिंटू ने धरना समाप्त कर दिया।