ट्रक की टक्कर से कार सवार की मौत
दूसरा ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे पलटा
अमर उजाला ब्यूरो
अबोहर। गांव कलरखेड़ा के पास शनिवार बाद दोपहर एक ट्रक और कार की हुई भयानक टक्कर में कार सवार की मौत हो गई। करीब 31 वर्षीय संदीप सोनी पुत्र विनोद सोनी निवासी सुखाड़िया सर्कल श्रीगंगानगर शनिवार को दोपहर अपनी कार में सवार होकर अबोहर की ओर आ रहा था कि जब वह गांव कल्लरखेड़ा के पास पहुंचा तो श्रीगंगानगर की तरफ जा रहे एक ट्रक से उसकी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भयानक थी कि संदीप सोनी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार के परखच्चे उड़ गए। इस दौरान कार के पीछे श्रीगंगानगर की ओर से आ रहा एक ट्रक इस दुर्घटनाग्रस्त कार को बचाने के चक्कर में अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकराकर क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि चालक बाल-बाल बच गया। वहीं कार को टक्कर मारने वाले ट्रक का जब लोगों ने पीछा किया तो वह सड़क के किनारे ट्रक छोड़ कर फरार हो गया। सूचना मिलते ही थाना खुइयां सरवर के प्रभारी सुनील कुमार व एएसआई बलवीर मौके पर पहुंचे और समाज सेवी संस्था नर सेवा नारायण सेवा समिति के सहयोग से शव को सरकारी अस्पताल पहुंचाया।
इस समाचार की फोटो एबीआर 2 और 3 भेजी जा रही है।