कोयले से भरा डिब्बा लेकर सांसद के घर पहुंचे ठेका मुलाजिम
अमर उजाला ब्यूरो
जालंधर। लंबे समय से रेगुलर किए जाने की मांग को लेकर संघर्ष कर रहे ठेका मुलाजिम रविवार को जालंधर के सांसद चौधरी संतोख सिंह को दिवाली गिफ्ट देने पहुंचे। मुलाजिम आदर्श पार्क में इकट्ठा हुए और वहां से रोष मार्च निकालते हुए सांसद के घर तक पहुंचे। मिठाई की जगह पर कोयले से भरे डिब्बे लेकर जब ठेका मुलाजिम सांसद के घर पहुंचे तो पुलिस ने उन्हें सांसद के घर तक पहुंचने नहीं दिया। सांसद को भी मुलाजिमों के आने की भनक मिल चुकी थी। वह कहीं चले गए। सांसद के न मिलने के कारण मुलाजिमों ने कोयले से भरा डिब्बा सांसद के घर के दरवाजे पर रख दिया और धरने पर बैठ गए। इस दौरान मुलजिमों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की। ठेका मुलाजिम कमेटी के आशीष जुलाहा, गगन शर्मा, शोबित भगत ने कहा कि पंजाब की कांग्रेस सरकार ने अध्यापकों को देना तो क्या था उल्टा छीन लिया है। कर्मचारियों को पक्का तो क्या करना था, उनको मिल रही सैलरी में भी कटौती कर दी गई। मुख्यमंत्री की तरफ से विधान सभा सेशन में कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने का बिल लाने की बात की जा रही थी। इसके इतर कर्मचारियों की सैलरी में ही कटौती कर दी गई है। उन्होंने कहा कि जब तक सरकार उनकी मांगे नहीं मानती संघर्ष चलता रहेगा।
मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद हल हो जाएगा मुद्दा: सांसद
सांसद चौधरी संतोख सिंह ने कहा कि ठेका मुलाजिम एक्शन कमेटी के सदस्य उनको मांग पत्र देने आए थे। इन मुलाजिमों के बारे में कांग्रेस की पंजाब सरकार गंभीर है। मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने इन ठेका मुलाजिमों के साथ बैठक रखी है। उम्मीद है कि मुख्यमंत्री से बैठक के बाद इस समस्या का हल निकल आएगा।