ऑटो से गिरे किशोर को कंबाइन ने कुचला, मौत
पुलिस ने कंबाइन कब्जे में लेकर चालक पर मामला दर्ज किया
पिता के साथ कैंट में सब्जी बेचने आया था जोबन
अमर उजाला ब्यूरो
फिरोजपुर। छावनी के पायलट चौक के नजदीक रविवार सुबह आटो से गिरे एक तेरह वर्षीय किशोर के ऊपर कंबाइन चढ़ गई। इस हादसे में किशोर की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान जोबन सिंह पुत्र जसविंदर सिंह वासी गांव पटेल नगर के रूप में हुई है। थाना कैंट पुलिस ने कंबाइन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर कंबाइन कब्जे में ले ली है।
जोबन के परिजनों ने बताया कि जोबन के पिता जसविंदर सिंह और भाई फिरोजपुर छावनी में सब्जी बेचने आए थे। आटो पर सब्जी लदी थी और जोबन आटो के पीछे डाले के ऊपर बैठा था। अचानक आटो का अगला हिस्सा उठ गया और जोबन डाले समेत सड़क पर गिर गया। उसी समय पीछे से तेज रफ्तार में आ रही कंबाइन जोबन के ऊपर चढ़ गई। इस हादसे में जोबन की मौके पर ही मौत हो गई। आसपास के लोगों ने कंबाइन चालक को काबू कर लिया और पुलिस को सूचित किया।
थाना कैंट पुलिस प्रभारी नवीन कुमार ने बताया कि कंबाइन को कब्जे में लेकर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।