जालंधर। सोडल रोड पर दुकानदार सचिन जैन की हत्या के मामले में कमिश्नरेट पुलिस ने सभी पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि हत्या में इस्तेमाल किया हथियार रमन कुमार उर्फ साई हाल ही में मध्य प्रदेश से लाया था। इस बारे में पुलिस आयुक्त जालंधर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने कहा कि सभी आरोपियों को पकड़ने के लिए अभियान चलाया गया। इसके चलते 8 टीमें बनाई गई थीं, जो मामले में लगातार काम कर रही थीं। उन्होंने कहा कि आरोपियों की पहचान अर्शदीप उर्फ वडा प्रीत शहीद बाबू लाभ सिंह नगर, साहिल राज नगर, दर्शन लाल उर्फ लकी संत नगर, रमन कुमार उर्फ साई मधुबन कॉलोनी के रूप में हुई है, जबकि पांचवां आरोपी दीपक पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि वडा प्रीत के खिलाफ जालंधर और कपूरथला में पहले ही पांच मामले दर्ज हैं। इसके अलावा भार्गव कैंप थाने में दर्ज दो अलग-अलग मामलों में दर्शन लाल भी वांछित था। आरोपी रमन कुमार उर्फ साईं के खिलाफ भार्गव कैंप और बस्ती बावा खेल थाने में पहले ही दो आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस आयुक्त ने कहा कि आरोपियों के खिलाफ जल्द से जल्द चार्जशीट भी दाखिल कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि वारदात में इस्तेमाल पिस्तौल और दो जिंदा कारतूस भी बरामद कर लिए हैं।