नवांशहर। जिले में शनिवार को 200 में से सिर्फ 37 सेहत कर्मचारियों ने कोरोना से बचाव के लिए टीका लगवाया। जिले में करीब 4300 कर्मचारियों को टीका लगाने का लक्ष्य रखा गया है। पहले दिन 200 को टीका लगाया जाना था।
जिले में नवांशहर व मुकंदपुर में कोविशील्ड टीका लगाया गया। सेहत विभाग की ओर से दोनों सेंटर पर 100-100 मुलाजिमों को कोविड वैक्सीनेशन लगवाने संबंधी संदेश भेजे थे। नवांशहर में मात्र 10 व मुकंदपुर में 27 सेहत कर्मचारियों ने टीका लगवाया। इतनी कम संख्या में हेल्थ वर्करों के आने से अधिकारी हैरान थे। शनिवार को दोपहर 12.30 बजे कोविड वैक्सीनेशन प्रक्रिया आरंभ हुई। सबसे पहला टीका विभाग के कंप्यूटर आपरेटर पंकज कुमार को लगा। इसके बाद मात्र 9 लोग ही टीका लगवाने आए। अधिकारी लगातार चिह्नित लोगों से तालमेल करते रहे, लेकिन किसी ने गंभीरता नहीं दिखाई। सिविल सर्जन डा. जीएस कपूर ने कहा कि आम पब्लिक में टीके प्रति झिझक है। शायद यही झिझक विभाग के कर्मचारियों में भी आई है। उन्होंने बताया कि लोगों को जागरूक करने के लिए विशेष ध्यान दिया जाएगा।