गांव कबूलपुर में आज होंगे कबड्डी और कुश्ती मुकाबले
टूर्नामेंट में कनाडा और अमेरिका के खिलाड़ी भी लेंगे हिस्सा
अमर उजाला ब्यूरो
जालंधर। शेरे पंजाब स्पोर्ट्स क्लब कैलिफोर्निया के एनआरआईज की तरफ से गांव कबूलपुर में सोमवार को कबड्डी और कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। इसके बारे में एनआरआई साहब पन्नू ने कहा कि कबड्डी की विजेता टीम को 1 लाख 50 हजार रुपये और उपविजेता टीम को 1 लाख 25 हजार रुपये का इनाम देकर सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा बेहतरीन खिलाड़ियों को बुलेट देकर पुरस्कृत किया जाएगा। वहीं टूर्नामेंट में आने वाले दर्शकों के लिए लक्की ड्रा निकाला जाएगा। जिसके तहत विजेताओं को वाशिंग मशीन, एलईडी इत्यादि के इनाम दिए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि प्रसिद्ध गायक एम्मी विर्क, कुलविंदर बिल्ला समेत कई नामी पंजाबी सिंगर टूर्नामेंट दर्शकों का मनोरंजन करेंगे। उन्होंने बताया पंजाब और हरियाणा की लड़कियों की टीमों का कबड्डी मैच भी करवाया जाएगा। कुश्ती टूर्नामेंट में कुल 8 टीमें हिस्सा लेंगी। इन सभी टीमों में पंजाब के अलावा अन्य राज्यों और एनआरआई खिलाड़ी शामिल होंगे। इसके अलावा कुश्ती के पहलवान भी पंजाब के अलावा कनाडा और अमेरिका से हिस्सा लेंगे। उन्होंने कहा कि पंजाब के युवा वर्ग का ध्यान नशे से हटाकर खेलों के प्रति बढ़े। इसीलिए एनआरआईज की ओर से खेल प्रतियोगिताएं करवाई जाती हैं।
एनआरआईज ने की ओलंपिक गोल्ड को 1 करोड़ देने की घोषणा
अमेरिका के कैलिफोर्निया में रहते एनआरआईज तरलोचन सिंह, कुलवंत सिंह और जसविंदर सिंह ने घोषणा कि है कि अगर कोई भी पंजाबी खिलाड़ी कुश्ती में ओलंपिक गेम्स में गोल्ड मेडल जीतता है तो उसे एक करोड़ रुपये का इनाम दिया जाएगा।